34.1 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

गैल्वानेक्स्ट 2026 : गैल्वनाइज्ड व कलर-कोटेड स्टील पर वैश्विक विशेषज्ञों का जमशेदपुर में होगा जुटान

पूर्वी सिंहभूम। गैल्वनाइज्ड और कलर-कोटेड स्टील्स के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन के लिए ‘गैल्वानेक्स्ट 2026’ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 08 और 09 जनवरी को जमशेदपुर के ताज विवांता होटल में किया जाएगा। इस सम्मेलन का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम) जमशेदपुर चैप्टर, टाटा स्टील लिमिटेड, सीएसआईआर–नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी, इंटरनेशनल जिंक एसोसिएशन (इजा) और इंडिया लीड जिंक डेवलपमेंट एसोसिएशन (इल्जदा) के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। टाटा स्टील की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, यह सम्मेलन विशेष रूप से गैल्वनाइज्ड और कलर-कोटेड स्टील्स पर केंद्रित होगा, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
सम्मेलन में टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, एएमएनएस (इंडिया), आर्सेलर (अमेरिका), एचबीआईएस (चीन) जैसी प्रमुख स्टील कंपनियों के अलावा जॉन कॉकरेल, एंड्रिट्ज़, लैमिफ्लेक्स, योगीजी डिजी, ईएमजी, इंडस्ट्रोनैनो, ब्रुकर, पायनियर फर्नेस प्राइवेट लिमिटेड, थर्मोफिशर साइंटिफिक, एटीएस टेक्नो, जेओएल और एमएसएमई पार्टनर ऑस्टिन पेंट्स जैसी अग्रणी तकनीकी कंपनियां अपने नवाचारों और अनुभवों को साझा करेंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका), सेंट्रल सुपेलेक (फ्रांस), आईआईटी कानपुर, आईआईटी भुवनेश्वर, आईआईटी जोधपुर और आईआईटी जम्मू जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। बढ़ती औद्योगिक मांग और पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने वाली उन्नत कोटिंग तकनीकों की आवश्यकता के मद्देनज़र, यह सम्मेलन उभरती चुनौतियों और नवाचारी समाधानों पर केंद्रित रहेगा। गैल्वानेक्स्ट 2026 में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी, उनमें एडवांस्ड हाई स्ट्रेंथ स्टील्स (एएचएसएस) की गैल्वनाइजिंग, जिंक-एल्यूमिनियम-मैग्नीशियम एवं अन्य मिश्रधातु कोटिंग्स, कलर कोटिंग में नवाचार, जंग प्रतिरोध और टिकाऊपन के अध्ययन, सतत विकास और सर्कुलैरिटी मुख्य रूप से शामिल हैं।
दो दिवसीय इस आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के कीनोट व्याख्यान, तकनीकी सत्र, उद्योग की चुनौतियों और सततता पर पैनल चर्चा के साथ-साथ अत्याधुनिक उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। सम्मेलन में प्रस्तुत चयनित तकनीकी शोध सारों को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘मैटेरियल्स साइंस एंड टेक्नोलॉजी’ के विशेष अंक के लिए पूर्ण शोध पत्र के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए सतत गैल्वनाइजिंग लाइन और अत्याधुनिक गैल्वनाइज्ड सिम्युलेटर का मार्गदर्शित भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा, जिससे उन्हें आधुनिक कोटिंग प्रक्रियाओं और शॉप-फ्लोर नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव मिल सकेगा।
तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के साथ-साथ गैल्वानेक्स्ट 2026 नेटवर्किंग और सहयोग के नए अवसर भी प्रदान करेगा। यहां प्रतिभागी भविष्य की परियोजनाओं और साझेदारियों की संभावनाओं पर विचार कर सकेंगे। वैश्विक स्तर पर सतत विकास के बढ़ते महत्व को देखते हुए, यह सम्मेलन एक हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य के निर्माण में गैल्वनाइज्ड और कलर-कोटेड स्टील्स की भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित करेगा।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles