27 C
Kolkata
Thursday, February 5, 2026

इतिहास के पन्नों से निकलकर सिल्वर स्क्रीन पर जारी : परमवीर अल्बर्ट एक्का की शौर्य गाथा पर बॉलीवुड फ़िल्म की शूटिंग शुरू, लोगों मे खुशी

  • राहुल कुमार
  • पहली बार बॉलीवुड के कैमरे में कैद हुई जारी की वादियां, अमरीश पुरी के पोते जीवंत करेंगे परमवीर का किरदार

चैनपुर (गुमला) : झारखंड के आदिवासी बहुल इलाके चैनपुर अनुमंडल का छोटा सा गांव जारी आज केवल एक गांव नहीं, बल्कि 1971 के उस गौरवशाली इतिहास का गवाह बन गया है जिसने भारत को विश्व पटल पर विजय दिलाई थी। परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की जन्मस्थली आज लाइट्स, कैमरा और एक्शन की आवाजों से गूंज रही है। इतिहास में यह पहली बार है जब इस सुदूर आदिवासी अंचल में किसी बड़े बजट की बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग हो रही है। गांव वालों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं है। अपने माटी के लाल की कहानी को बड़े पर्दे पर उतरते देख ग्रामीणों की आंखों में चमक और सीने में गर्व साफ झलक रहा है।

1971 के दौर में लौटा जारी गांव : फिल्म की शूटिंग के लिए पूरे गांव को 1971 के दौर (विंटेज लुक) में तब्दील कर दिया गया है।फिल्म के आर्ट डायरेक्टरों और कलाकारों ने अल्बर्ट एक्का के पैतृक घर और आस-पास के कई घरों को ऐसा रूप दिया है, जिससे 50 साल पुराना दौर फिर से जिंदा हो उठा है। शूटिंग देखने के लिए सुबह से ही भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है। अपने गांव की गलियों में फिल्मी सितारों और कैमरों को देख हर कोई उत्साहित है। बैंगलोर की मायरा मोशन पिक्चर्स एलएलपी के बैनर तले बन रही इस फिल्म का नाम बैटल ऑफ गंगासागर रखा गया है, क्योंकि 1971 का वह निर्णायक युद्ध (जो अब बांग्लादेश में है) गंगासागर में ही लड़ा गया था। बता दे की महान अभिनेता दिवंगत अमरीश पुरी के पोते वरदान पुरी शहीद अल्बर्ट एक्का की भूमिका में नजर आएंगे। वही महाराष्ट्र की अभिनेत्री साक्षी मोकदन अल्बर्ट एक्का की धर्मपत्नी बलमदीना एक्का का किरदार निभाएंगी। रोनी झा उनके पुत्र भीमसेन्ट एक्का के रोल में दिखेंगे। फिल्म में यथार्थता लाने के लिए करीब 20 से 30 असली सैनिकों को शामिल करने की अनुमति सेना से ली गई है। कुल 350 लोग इस फिल्म में विभिन्न किरदार निभाएंगे।

बेटे के हाथों हुआ मुहूर्त : फिल्म की शूटिंग का शुभारंभ 27 नवंबर को एक बेहद भावुक और गरिमामय माहौल में हुआ। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शहीद अल्बर्ट एक्का के सुपुत्र भीमसेन्ट एक्का ने फिल्म के पहले शॉट का क्लैप देकर उद्घाटन किया। यह पल वहां मौजूद हर शख्स के लिए रोंगटे खड़े कर देने वाला था।फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर सुमंत रतुरी और प्रोड्यूसर सागर गौड़ा के अनुसार, यह फिल्म महज एक युद्ध की कहानी नहीं, बल्कि एक सैनिक के सर्वोच्च बलिदान की गाथा है।फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे अल्बर्ट एक्का घर आए हुए थे लेकिन युद्ध के बादल मंडराते ही उन्हें वापस बुलाने का टेलीग्राम मिलता है। वे एक पल भी सोचे बिना देश सेवा के लिए निकल पड़ते हैं।

फिल्म का क्लाइमेक्स वह दृश्य होगा जब अल्बर्ट एक्का घायल होने के बावजूद पाकिस्तानी बंकर को नष्ट करते हैं और मशीनगन की गोलियों का सीना तानकर सामना करते हुए वीरगति को प्राप्त होते हैं। जारी गांव में 3 दिनों तक शूटिंग चलेगी, जिसमें अल्बर्ट एक्का का पैतृक घर, लावा नदी और राम घाघ के दृश्य फिल्माए जाएंगे। इसके बाद की शूटिंग हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में पूरी की जाएगी। फिल्म को 4 फेज में पूरा करने का लक्ष्य है और इसे 3 दिसंबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। फिल्म का फर्स्ट शो राजधानी रांची में लॉन्च किया जाएगा। करोड़ों के बजट से बन रही यह फिल्म न केवल शहीद अल्बर्ट एक्का को एक सिनेमाई श्रद्धांजलि है बल्कि यह आज की युवा पीढ़ी को देशप्रेम और बलिदान का पाठ भी पढ़ाएगी। गुमला के भूतपूर्व सैनिक अनिरुद्ध सिंह और फिल्म की पूरी टीम का मानना है कि यह फिल्म क्षेत्र के युवाओं में सेना के प्रति सम्मान और बढ़ाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles