पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झोलागौड़ा के लटकूगोड़ा इलाके में शनिवार को अवैध शराब बिक्री का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब माफिया से जुड़े लोगों ने विरोध करने पहुंचे एक ही परिवार के चार सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें चारों लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को टिंकू, श्याम, श्याम की पत्नी और उसकी मां अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पहुंचे,अवैध शराब विक्रेताओं ने पहले से ही 10 से 15 युवकों को मौके पर बुला रखा था। उन्होंने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को किसी तरह बचाया और सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुमकागोड़ा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से धड़ल्ले से चल रही है। इससे पहले भी शराब माफिया द्वारा विरोध करने वालों के साथ मारपीट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। घायल महिला ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने पुलिस पर शराब माफिया से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की हिंसक घटनाएं दोबारा न हों।


