गिरिडीह। गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह में जमीन विवाद को लेकर हुई हवाई फायरिंग और मारपीट की घटना में शामिल आरोपित रानू साव सहित चार आरोपितों को जमुआ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है । जमुआ थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि चारों को जेल भेज दिया गया है। बताया गया कि प्रमुख आरोपित रामू साव जमुआ थाना क्षेत्र के द्वारपहरी का रहने वाला है। उल्लेखनीय है कि रविवार को जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह में जमीन विवाद को लेकर हवाई फायरिंग और मारपीट की घटना घटित हुई थी । जिसमें संतोष कुमार विश्वकर्मा पर जमीन खरीदारी करने के बाद पैसा नहीं देने पर रामू साव और विजय साव (जमुआ थाना क्षेत्र के द्वारपहरी निवासी) ने पहले हवाई फायरिंग कर लोगों के बीच दहशत फैलाने का काम किया और उसके बाद पिस्टल के बट से मारपीट की वारदात को अंजाम दिये जाने का मामला सामने आया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखा बरामद करते हुए मामले में कार्रवाई करने में जुटी थी । इसी दौरान पुलिस ने रामू साव सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को सोमवार देर शाम सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है ।


