सिमरी बख्तियारपुर। सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह पूर्णिया-हटिया कोसी एक्सप्रेस (18625) के एसी कोच से अचानक धुआं निकलने के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के एम-3 एसी कोच के ब्रेक बाइंडिंग में तकनीकी समस्या के कारण धुआं निकलने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और अग्निशमन टीम सक्रिय हो गई। तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, कोसी एक्सप्रेस बुधवार सुबह निर्धारित समय से करीब एक घंटा 13 मिनट की देरी से सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद एम-3 कोच के ब्रेक बाइंडिंग से धुआं निकलता देखकर यात्रियों और रेलकर्मियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6:36 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन टीम को मौके पर भेजा गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ब्रेक बाइंडिंग में घर्षण के कारण धुआं निकलने की आशंका है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। एहतियात के तौर पर प्रभावित कोच को खाली कराकर यात्रियों को दूसरे कोच में स्थानांतरित किया गया और उन्हें दूसरी बर्थ पर यात्रा की व्यवस्था की गई। संबंधित बोगी को फिलहाल खाली रखा गया है।
घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय तक यात्रियों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी रही। रेलवे अधिकारियों और अग्निशमन टीम की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्रेक बाइंडिंग में तकनीकी खराबी किस वजह से उत्पन्न हुई और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति को कैसे रोका जा सके।
