32 C
Kolkata
Friday, May 22, 2026

टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

रांची । रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित चेशायर होम रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक गोदाम से तेज धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग फैलते देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन सेवा की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत और कई घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि गोदाम में शादी-विवाह, सामाजिक समारोह और अन्य आयोजनों में उपयोग होने वाले टेंट, पंडाल के कपड़े, सजावटी सामग्री, कुर्सियां, मेज और अन्य उपकरण रखे गए थे। आग की वजह से पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आग सुबह लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। दमकल की छह गाड़ियों ने लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख