26 C
Kolkata
Tuesday, March 31, 2026

फर्नीचर गोदाम में आग लगी, लाखों का सामान जलकर राख

कोडरमा | जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा के अंबाकोला रोड स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गई। जिससे गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार यह गोदाम करमा के रहने वाले जफीर अंसारी का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे एक शॉर्ट सर्किट होने जैसा कुछ सुनाई पड़ा और तेज रोशनी हुई। लोगों ने उठकर देखा तो पाया कि जफीर अंसारी के गोदाम में आग लग लगी थी। इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना जफीर अंसारी को दी। जफीर अंसारी बीती रात एक शादी समारोह में शरीक होने बरही गए हुए थे। सूचना मिलते ही वह वहां से करमा पहुंचे। इस बीच स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दे दी थी। जिसके बाद मौके पर दो दमकल वाहन पहुंच गए। हालांकि गोदाम में रखे फर्नीचर में लगी आग के कारण दमकल को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 4 घंटे में आग पर काबू हो सका। गोदाम के मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि उनके गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर के अलावा लोहे का अलमीरा, फ्रिज, कूलर सहित कई महंगे फर्नीचर रखे हुए थे, जो जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि इस अगजनी में उन्हें 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

इधर स्थानीय मुखिया पति अनिल यादव ने बताया कि जहां पर जफीर अंसारी का मकान बना है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्टेज का हाई टेंशन तार गुजरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई बार इस संबंध में बिजली विभाग को लिखित सूचना दी गई और उस तार को मकान के बगल से शिफ्ट करने को कहा गया। बावजूद इसके बिजली विभाग ने कोई भी पहल नहीं की जिसका खामियाजा आज जफीर अंसारी को भुगतना पड़ा। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हाई टेंशन तार पहले से ही वहां से गुजरा है, जबकि मकान का निर्माण बाद में किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कोडरमा जिले में कई जगह पर इस प्रकार से हाई टेंशन तार गुजरने वाले स्थान पर लोग बिना किसी डर के मकान व दुकान का निर्माण कर लेते हैं। इस वजह से लोगों को भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles