बिरसा भूमि लाइव
- रांची महानगर कांग्रेस कमेटी सहित सभी प्रखंड अध्यक्ष संग की बैठक
- बूथ कमेटी को सशक्त बनाने और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाने का निर्देश
रांची: पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को सशक्त बनाने और पार्टी का जनाधार बढ़ाने की अपील की है। श्री सहाय मंगलवार को एचईसी परिसर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के पदधारियों और सभी प्रखंड अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
श्री सहाय ने कहा कि जनहित में बनाई गई कांग्रेस की नीतियों से पूरे देश की जनता लाभान्वित हो रही है। झारखंड में भी कांग्रेस पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी के प्रति जनता का विश्वास काफी बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को सशक्त बनाना हर कार्यकर्ता की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आगामी चुनाव के मद्देनजर बूथ कमेटियों को सशक्त बनाने और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाने की अपील की।
श्री सहाय ने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियां नहीं चाहती कि राष्ट्रहित में कांग्रेस के द्वारा किए जा रहे कार्यक्रमों का जनता समर्थन करे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ आवाज बुलंद करें। मौके पर रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने भी सभी प्रखंड अध्यक्षों से पार्टी हित में सक्रियता से जुड़े रहने की अपील की। इस अवसर पर रांची महानगर कांग्रेस कमेटी अंतर्गत सभी 18 प्रखंडों के अध्यक्ष मौजूद थे।