21 C
Kolkata
Wednesday, April 8, 2026

झारखंड में ई-संजीवनी को मिलेगा विस्तार, सभी पंचायतों में खुलेंगे हेल्थ कॉटेज

रांची। रांची में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में बुधवार को ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन विषय पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान 13 डॉक्टरों और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के सभी पंचायतों में जल्द ही हेल्थ कॉटेज स्थापित किए जाएंगे, जहां लोगों को इलाज के साथ बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार से दूर-दराज क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं और भविष्य में इसे और मजबूत किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को अत्याधुनिक और एआई आधारित तकनीकों से लैस किया जाएगा। साथ ही राज्य में 747 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की प्रक्रिया जारी है, जिससे आम लोगों को सस्ती और सुलभ दवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने रक्त की कमी को दूर करने के लिए नई ब्लड पॉलिसी और टोल-फ्री नंबर शुरू करने की भी घोषणा की।

डॉ. अंसारी ने डॉक्टरों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों का कभी भी औचक निरीक्षण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विजय हांसदा, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, राज्यभर के सिविल सर्जन, ई-संजीवनी टेलीमानस के प्रतिनिधि सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।

 

Related Articles

नवीनतम लेख