पलामू। नशे की लत के कारण 1300 रूपए के लिए दो लोगों की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने तीन महीने बाद इस घटना का उदभेदन करते हुए आरोपित चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मृतक का पर्स, आधार कार्ड और फोटो बरामद किया गया है। मंगलवार को आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसपी के अनुसार 16 जनवरी को चैनपुर क्षेत्र के रैनीबांध के पास शंकर राम का आंशिक जला हुआ शव और उसी दिन डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पुल से सटे केबीन के पास एक अन्य युवक करीवा उर्फ छोटू का शव पत्थर से कूचा हुआ बरामद हुआ था। दोनों मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।
अनुसंधान में सामने आया कि 15 जनवरी को चुनमुन चौधरी मजदूरी करने के बाद डालटनगंज रेलवे स्टेशन की तरफ रहने वाले करीवा उर्फ छोटू और शंकर राम के साथ स्टेशन क्षेत्र में ही गांजा पी रहा था। शंकर से मजदूरी करने के क्रम में जान पहचान हुई थी। इस क्रम में चुनमुन को पता चला कि शंकर के पास 1300 रूपए है। वह नशा करने के लिए शंकर से पैसे मांगने लगा। नहीं देने पर करीवा के साथ शंकर के पैसे लूटने की योजना बनायी और उसी रात को उसे साथ लेकर चैनपुर थाना क्षेत्र के बिरसानगर होते रैनीबांध के समीप पहुंच गया। मौका देखकर चुनमुन और करीवा ने मिलकर शंकर से पर्स सहित पैसे लूट लिए।
घटना के बाद चुनमुन और करीवा को लगा कि सुबह में शंकर घटना की जानकारी दे देगा और उसे जेल भेजवा देगा। ऐसे में दोनों ने शंकर की हत्या का मन बनाया और वहीं पड़े पत्थर से उसका सिर कूच दिया। चुनमुन ने माचिस से शंकर के पहने हुए कपड़े में आग लगा दी। मृतक शंकर का पर्स, आधार कार्ड, फोटो और एक हजार रूपए चुनमुन रख लिया। इसमें से 300 रूपए करीवा को दिया। करीवा इससे संतुष्ट नहीं था और बराबर-बराबर पैसे बांटने को बोल रहा था। ऐसा नहीं करने पर शंकर के मर्डर के बारे में सबको बताने की धमकी देने लगा।
ऐसे में फंसने के डर से चुनमुन ने करीवा की भी हत्या की योजना बनायी। डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पुल से सटे केबीन के पास ले जाकर उसकी भी पत्थर से कूचकर हत्या कर दी और कचरे से बॉडी को छुपा दिया और वह सारा पैसा, पर्स लेकर घर चला गया।
तीन महीने के सघन अनुसंधान के क्रम में चुनमुन पकड़ में आया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल किया। चुनमुन के खिलाफ चैनपुर और शहर थाना में एक-एक आपराधिक मामला दर्ज है।
एसपी ने बताया कि करीवा उर्फ छोटू के माता-पिता और घर के बारे में अबतक कोई जानकारी नहीं मिल पायी है। वह मजदूरी करता था और स्टेशन पर ही रहता था।
कार्रवाई टीम में चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा और शहर थाना की टीम शामिल थे।

