अररिया । बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के कृषि उत्पादन बाजार समिति के गेट संख्या दो के पास ठेला लगाने के सवाल पर ठेला दुकानदार और पिकअप के ड्राइवर विवाद में दोनों की हत्या हो गई।
पुलिस के मुताबिक ठेला चालक दुकानदार राहुल चौहान जो फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ही चौहान टोला वार्ड संख्या चार का रहने वाला था। जिसने ड्राइवर से विवाद के बाद उसकी गला काटकर हत्या कर दी। ड्राइवर जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र के अमौना वार्ड संख्या 21 नबी हुसैन पिता मो मुद्दीन था।
ठेला दुकानदार प्रतिदिन ठेला लगाकर सत्तू और अनानास बिक्री करने का काम करता था। घटना को अंजाम देने के बाद ठेला दुकानदार कृषि उत्पादन बाजार समिति में बन रहे गोदाम की ओर झाड़ी में छिप गया। जहां मौके पर पहुंची पुलिस और भीड़ ने झाड़ी से उसे बाहर निकाला।पुलिस जब आरोपी ठेला दुकानदार को लेकर सुरक्षित ठिकाने की ओर ले जा रहा था तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कस्टडी से आरोपी ठेला दुकानदार को छीनकर उनकी पिटाई कर दी और पीटते पीटते उनकी हत्या कर दी।जिसके बाद मौके पर फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा,फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंच मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन और अवैध ऑटो स्टैंड के सवाल पर आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।कृषि उत्पादन बाजार समिति (विघटित) के दरवाजे के साथ ही सुभाष चौक अन्य स्थानों पर सड़क जाम कर दिया और आगजनी कर प्रदर्शन कर रहे हैं।लोगों ने घटना के बाद पुलिस प्रशासन को सूचना देने के बावजूद काफी देर बाद पहुंचने का आरोप लगाया है।
मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा,थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मामले को लेकर फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने तत्काल कहा कि ठेला लगाने के सवाल पर हुए विवाद में घटना हुई है।पहले पिकअप ड्राइवर की गला रेतकर धड़ से सर को अलग कर दिया गया और उसके बाद आरोपी ठेला दुकानदार की पिटाई से हत्या की गई है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम की सहायता ली जाएगी।साथ ही आरोपी के ऊपर हमला करने वालों की भी शिनाख्त कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने प्रदर्शन ले बावजूद स्थिति नियंत्रण में करार दिया।

