24.9 C
Kolkata
Monday, February 23, 2026

प्रमंडलीय आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

पलामू। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत जारी मतदान प्रक्रिया का प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पलामू और गढ़वा जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं, मतदाताओं की सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया।

पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत संस्कार एकेडमी, शाहपुर तथा राजकीय बालिका बुनियादी विद्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने मतदाताओं से बातचीत की। वहीं गढ़वा में मध्य विद्यालय, टंडवा और आरके गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

आयुक्त ने मतदाताओं के फोटोयुक्त पहचान पत्र और मतदाता पर्ची की जांच की। उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिला मतदाताओं और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर मतदान प्रक्रिया के अनुभवों की जानकारी ली। मतदाताओं ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान व्यवस्था पर संतोष जताया।

कुमुद सहाय ने मतदान कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मियों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारी-कर्मियों और सुरक्षाबलों को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी ढंग से मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होता पाया गया। मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी।

आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है और शांतिपूर्ण मतदान इसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles