बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की जासूसी थ्रिलर ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तहलका मचा दिया है। फिल्म ने रिलीज के साथ ही ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि रणवीर अपने ही पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ते नजर आ रहे हैं। पेड प्रिव्यू से शानदार शुरुआत करने के बाद फिल्म ने पहले और दूसरे दिन की कमाई से नया इतिहास रच दिया है, जिससे इंडस्ट्री में इसे लेकर जबरदस्त चर्चा है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज से पहले पेड प्रिव्यू में करीब 43 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि पहले दिन 102.55 करोड़ की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग दर्ज की। दूसरे दिन भी फिल्म की रफ्तार बरकरार रही और इसने 80.72 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह महज दो दिनों में फिल्म की कुल कमाई 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
‘धुरंधर 2’ ने रणवीर सिंह की ही पिछली हिट फिल्म बाजीराव मस्तानी के 184 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है और अब इसकी नजर सिम्बा के 240.22 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जिसमें आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
वहीं, साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ को ‘धुरंधर 2’ से कड़ी टक्कर मिल रही है। पहले दिन 34.75 करोड़ की मजबूत ओपनिंग के बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट आई और यह केवल 9.25 करोड़ रुपये ही जुटा सकी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल ‘धुरंधर 2’ का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।


