बिरसा भूमि लाइव
दलादली चौक में शनिवार को लगने वाला हटिया नहीं लगा
रांची : माकपा नेता सुभाष मुंडा के हत्या की खुलासा के बाद भी दलादली क्षेत्र में आमलोगों का आक्रोश जारी है। हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग पर शनिवार को माकपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने सुभाष मुण्डा चौक दलादली में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी किया। इससे पूर्व दिवंगत सुभाष मुण्डा के गांव दलादली से एक विशाल जुलूस निकाला गया जो रिंग रोड होते हुए पूरे दलादली बाजार का भ्रमण कर दलादली चौक में आकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में सुभाष मुण्डा के हत्यारों को फांसी दो, सुभाष मुण्डा को लाल सलाम, सुभाष मुण्डा अमर रहे, जो लाल झंडा से टकरायेगा – चूर चूर हो जाएगा आदि आक्रोश पूर्ण नारे लगाए जा रहे थे।
सर्वप्रथम प्रथम सुभाष मुण्डा के प्रतीमा के समक्ष स्थाई रूप से हसुआ हथौड़ा युक्त लाल झंडा को माकपा के राज्य कमिटी सदस्य सुरेश मुंडा ने फहराया और सुभाष मुण्डा के प्रतीमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। जहां शहीद सुभाष मुंडा को लाल सलाम के गगनभेदी नारों से चौक गूंज उठा। इस अवसर पर जुलूस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे माकपा नगड़ी लोकल कमिटी के सचिव मधुआ कच्छप की अध्यक्षता में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए पूर्व प्रमुख सुरेश मुण्डा ने कहा कि सुभाष मुण्डा के हत्यारों का खुलासा किया गया है, लेकिन हमारी पार्टी इससे संतुष्ट नहीं है क्योंकि अभी भी हत्या के मुख्य साजिशकर्ता का पर्दाफाश नहीं हुआ है। सुभाष मुण्डा की हत्या कारोबार के साथ साथ राजनीतिक भी है। इसलिए मुख्य साजिशकर्ता का सामने आने तक हम चैन से नहीं बैठेंगे और इसके लिए सीपीआईएम का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि दलादली चौक अपराधियों का अड्डा बन गया है। इसलिए हमलोगों ने यहां शनिवार को लगने वाला हटिया को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। जिसे हर हाल में लागू करेंगे। अपराधियों पर नियंत्रण के लिए दलादली में जल्द से जल्द पुलिस चौकी का निर्माण होना चाहिए। कार्यक्रम में सीपीआईएम के राज्य सचिव मंडल सदस्य संजय पासवान, अमित मुण्डा, बुधराम उरांव, आशिष रंजन, समेउल्ला अंसारी, महेश मुण्डा, बिरसु मुण्डा, ललित मुण्डा, छोटन देवी, लीली देवी, राजु भगत, महादेव उरांव, मंगरू मुंडा, महादेव मुण्डा, उमेश मुण्डा, सुरेश गोप, मनीष मुंडा, भीखन मुंडा, संजना मुंडा, समेश्वर तिर्की, कविता, किरण सहित बड़ी संख्या में कंधे पर लाल झंडा लिए महिलाएं और नौजवान मौजूद थे।