25 C
Kolkata
Friday, March 6, 2026

दिल्ली में 24 मार्च को माकपा की जनमुद्दों की रैली, झारखंड में तेज हुई तैयारियां

रांची। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के आह्वान पर 24 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाली जनमुद्दों की रैली की तैयारी झारखंड में तेज कर दी गई है। यह जानकारी माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। प्रकाश विप्लव ने बताया कि रैली में झारखंड से सैकड़ों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिलों में अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं।

माकपा नेताओं के अनुसार, इस रैली में श्रमिकों, किसानों और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें चार नए लेबर कोड को रद्द करने, मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू करने, वीबी-जीरामजी योजना को समाप्त करने, प्रस्तावित बिजली संशोधन विधेयक और बीज विधेयक को वापस लेने की मांग शामिल है। इसके साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण और युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे भी रैली में उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में होने वाली इस रैली में झारखंड से जाने वाले जत्थों का नेतृत्व पार्टी के राज्य नेतृत्व के साथ-साथ केंद्रीय कमेटी सदस्य और सीटू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप दत्ता तथा वरिष्ठ नेता वृंदा कारात करेंगे। प्रकाश विप्लव ने जानकारी दी कि रैली को लेकर झारखंड में दो केंद्रीय जन आक्रोश जत्था भी निकाले जा रहे हैं। पहला जत्था शनिवार को वीर बुधु भगत के स्मारक सिलागाई से प्रस्थान करेगा, जबकि दूसरा जत्था संताल परगना मुख्यालय दुमका स्थित सिदो-कान्हो स्मारक से रवाना होगा।

इन जत्थों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को दिल्ली रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस रैली के जरिए देशभर के श्रमिकों, किसानों और आम जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा और सरकार से जनहित के मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles