रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा (2010 बैच) के अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश, आर्थिक संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
निवेश और वैश्विक सहयोग पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार की प्रमुख विकासात्मक योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए राज्य में निवेश और आर्थिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने राज्य के विकास लक्ष्यों को गति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के महत्व पर बल दिया।
चर्चा के दौरान प्रवासन एवं गतिशीलता (माइग्रेशन एंड मोबिलिटी) पार्टनरशिप, वन्यजीव पर्यटन, कौशल विकास, शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और भारतीय प्रवासी समुदाय की सहभागिता जैसे विषय प्रमुख रहे। साथ ही झारखंड की शासन व्यवस्था और विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पहुंचे अधिकारी
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारत के उच्चायोग में कार्यरत हैं, जबकि सुशील प्रसाद नैरोबी स्थित भारत के उच्चायोग में पदस्थापित हैं। दोनों भारतीय विदेश सेवा अधिकारी मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम (मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम) के तहत झारखंड दौरे पर हैं।
