23.6 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में विजय सिंह सुम्बरूई और मो सलीम को किया निलंबित

पश्चिमी सिंहभूम।शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान पार्टी निर्देशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता के आरोप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने विजय सिंह सुम्बरूई और मो सलीम को पार्टी से रविवार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला कांग्रेस कमेटी पश्चिमी सिंहभूम की ओर से की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रंजन बोयपाई की ओर से जारी पत्र के अनुसार, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गत दो फरवरी को पत्र के माध्यम से निर्देश दिया था कि नगर निगम में महापौर पद और नगर परिषद में अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का चयन जिला राजनीतिक मामलों की समिति की सहमति से किया जाएगा। पार्टी केवल सर्वसम्मत उम्मीदवारों का ही समर्थन करेगी।
इसके बाद पांच फरवरी को पत्र संख्या जारी कर निर्देशों को दोहराया गया। इसमें स्पष्ट किया गया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि छह फरवरी को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है। जिन उम्मीदवारों को समिति का समर्थन प्राप्त नहीं है, उन्हें समय रहते नाम वापस लेने के लिए कहा गया था। साथ ही निर्देशों की अवहेलना पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
इन निर्देशों के अनुपालन में जिला कांग्रेस कमेटी पश्चिमी सिंहभूम ने छह फरवरी को विजय सिंह सुम्बरूई और मोसलीम को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन दोनों की ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बावजूद दोनों ने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपनी गतिविधियां जारी रखीं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार, यदि कोई स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ भी हो, तो वह पार्टी विरोधी गतिविधियों को उचित ठहराने में असफल रहा। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए विजय सिंह सुम्बरूई और मो सलीम को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह आदेश जिला कांग्रेस कमेटी पश्चिमी सिंहभूम( चाईबासा )की ओर से जारी किया गया है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles