रांची। मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत जी राम जी’ किए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत रैली और पदयात्रा निकाली। रैली की शुरुआत मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास हुई, जहां प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनरेगा बचाने का संकल्प दिलाया। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए लोकभवन पहुंचे, जहां यह पदयात्रा सभा में बदल गई। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आम जनता के अधिकार लगातार छीन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा की जगह नई योजना लाकर रोजगार का अधिकार कमजोर किया गया है।


