पुदुचेरी । केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। मतदान शुरू होने से पहले ही केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जिसमें बुजुर्गों और युवाओं की भागीदारी समान रूप से नजर आ रही है।
30 सीटों पर 294 उम्मीदवार, थीम आधारित बूथ बने आकर्षण
प्रशासन ने इस बार मतदान के अनुभव को सुखद बनाने के लिए कई विशेष इंतजाम किए हैं। प्रदेश की 30 विधानसभा सीटों के लिए कुल 294 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पूरे प्रदेश में 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से कई को आकर्षक थीम पर सजाया गया है। सुचारू मतदान के लिए 1,099 ईवीएम सेट के साथ आपात स्थिति हेतु अतिरिक्त मशीनें भी रिजर्व में रखी गई हैं।
तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा और वेबकास्टिंग से निगरानी
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों और पुलिस की तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी मतदान केंद्रों को वेब कैमरों के माध्यम से सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। इस महासंग्राम के नतीजे अगले महीने की 4 तारीख को घोषित किए जाएंगे।

