26.8 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

टैंकर से भिड़ी कार, युवक गंभीर हालत में कटक रेफर

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर होटल ओम कृष्ण के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को हल्की चोटें आईं।

मिली जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा के दो युवक पश्चिम बंगाल से अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। चालक को सड़क किनारे खड़ा टैंकर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक सौरभ नायक को छुट्टी दे दी गई, जबकि ईचड़ाशोल निवासी सौरभ मंडल की हालत गंभीर बनी रही।

चिकित्सकों ने सौरभ मंडल की नाजुक स्थिति को देखते हुए पहले उसे पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया। हालांकि वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए कटक ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख