रांची/बोकारो: बोकारो की बेटी और पेशे से अधिवक्ता दीपिका सिंह ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए खेल जगत में जिले का मान बढ़ाया है। रांची के पुराने विधानसभा परिसर में आयोजित 4th ईस्टर्न इंडिया एवं झारखंड स्टेट स्ट्रेंथलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया।
11 से 13 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में दीपिका ने झारखंड का प्रतिनिधित्व किया और पोडियम पर नंबर 1 का स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की। गौरतलब है कि यह उनकी लगातार दूसरी बड़ी जीत है; इससे पहले भी उन्होंने इंटर-डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतकर बोकारो का नाम रोशन किया था।
अदालत से खेल के मैदान तक का सफर
दिन में कोर्ट की बारीकियों को समझने वाली वकील दीपिका शाम को जिम में पसीना बहाती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके कोच आयुष कुमार सिंह, रॉयल जिम की किरण सिंह और अधिवक्ता रणजीत गिरि समेत कई कानूनी विशेषज्ञों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई है।
अपनी जीत पर दीपिका ने कहा, “यह मेरी निरंतर मेहनत और प्रशिक्षण का परिणाम है। मेरा लक्ष्य आगे भी अपने राज्य और जिले के लिए और पदक जीतना है।” इस जीत से न केवल बोकारो बल्कि पूरे झारखंड के युवा एथलीटों में उत्साह का माहौल है।

