23 C
Kolkata
Thursday, February 5, 2026

छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर खौलता तेल उड़ेला, एक आरोपित गिरफ्तार

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक महिला के ऊपर मनचलों द्वारा खौलता तेल उड़ेल दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह मामला छेड़खानी से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। रांची पुलिस ने रविवार देर शाम हुई इस घटना को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में सोमवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी मनीष चौधरी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इधर, घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसका पति दिव्यांग है और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार की जीविका चलाने के लिए वह गांव में ही समोसा-पकौड़ी की दुकान चलाती है। रविवार की देर शाम वह दुकान पर पकौड़ी बना रही थी, तभी बगल गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने कढ़ाई में रखा खौलता तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पीड़िता को सदर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
मामले को लेकर पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने कहा कि दोनों युवक बदतमीज और दबंग प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी दोनों कई तरह की आपत्तिजनक हरकतों में शामिल रहे हैं, लेकिन दबंग परिवार से होने के कारण लोग उनसे उलझने से बचते थे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles