पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हवाई पट्टी के समीप एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रथम दृष्टया हाथी के हमले में मौत की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि मृत महिला की पहचान और यह पता लगाया जा सके कि वह हवाई पट्टी के पास कैसे पहुंची। शव के पास से नीले रंग का एक बैग भी बरामद किया गया है, जिसके आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


