30 C
Kolkata
Friday, April 10, 2026

असम में 90 से अधिक सीटें जीतेगा भाजपा गठबंधन: मुख्यमंत्री सरमा

गुवाहाटी । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने विश्वास जताया है कि राज्य में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन 90 से अधिक सीटें हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि इस बार राज्यभर में मतदाताओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ मतदान किया है।

भाजपा मुख्यालय में बीती रात मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू बहुल क्षेत्रों के साथ-साथ अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में भी लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि इस बार असमिया पहचान की रक्षा के मुद्दे पर लोगों ने निर्णायक मतदान किया है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि गौरव गोगोई को इस चुनाव में कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने गोगोई की राजनीतिक प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए उनके निजी और सार्वजनिक रुख को लेकर भी आलोचना की।

उन्होंने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गुवाहाटी में मौजूद होने का दावा करने के बावजूद वे सुबह जल्दी ही राज्य छोड़कर चले गए। सरमा ने कांग्रेस को “कायरों की पार्टी” बताते हुए कहा कि उनके व्यवहार में कमजोरी झलकती है।

अपने चुनावी अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 300 से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं देवब्रत सैकिया और रिपुन बोरा पर सवाल उठाया कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर व्यापक प्रचार के लिए क्यों नहीं निकले।

Related Articles

नवीनतम लेख