36 C
Kolkata
Monday, April 13, 2026

पंजाब की राजनीति में बड़ा धमाका: डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बनाई नई पार्टी, ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ का किया ऐलान

चंडीगढ़ | पंजाब की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा कर दी है। सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के जरिए उन्होंने अपनी पार्टी का नाम ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ सार्वजनिक किया।

बिना शोर-शराबे के नई शुरुआत
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने यह बड़ा फैसला ऐसे समय में लिया है जब उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू आईपीएल कमेंट्री में व्यस्त हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला राजनीतिक नेताओं के मौजूदा कामकाज की समीक्षा करने के बाद लिया गया है। उन्होंने इसे एक ‘ईश्वरीय हस्तक्षेप’ करार दिया है।

पार्टी का विजन: ‘उच्च चेतना’ और ‘स्वर्ण राज्य’
डॉ. सिद्धू ने अपनी नई पार्टी के लक्ष्यों को साझा करते हुए लिखा  उनका मुख्य उद्देश्य पंजाब को उसकी खोई हुई पुरानी शान वापस दिलाकर उसे फिर से ‘स्वर्ण राज्य’ बनाना है। पार्टी सत्य, प्रेम और आध्यात्मिक गुरुओं के मार्गदर्शन में काम करेगी ताकि लोगों की ‘घायल आत्माओं’ को सुकून मिल सके। यह सरकार पंजाब के लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा संचालित होगी, जहां निस्वार्थ सेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।

राजनीतिक सफर
गौरतलब है कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू पंजाब में मुख्य संसदीय सचिव रह चुकी हैं। वे अमृतसर पूर्व से विधायक भी रही हैं और लंबे समय तक भाजपा और फिर कांग्रेस में अपने पति के साथ सक्रिय रही हैं। अब ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ के जरिए वे राष्ट्रीय स्तर पर एक नया विकल्प पेश करने की तैयारी में हैं।

इस नई पार्टी के गठन के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि आगामी चुनावों में यह नया दल स्थापित पार्टियों को कितनी चुनौती दे पाता है।

Related Articles

नवीनतम लेख