बिरसा भूमि लाइव
साहिबगंज : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को दूसरे दिन संकल्प यात्रा की शुरुआत साहिबगंज में गंगा स्नान एवं भगवान भोलेनाथ की पूजा से की। उन्होंने राज्यवासियों के सुख समृद्धि की मंगल कामना की। साहेबगंज की जनसभा के पूर्व पत्रकार वार्ता में मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से भ्रष्टाचार और परिवारवाद को समाप्त करने का आह्वान किया है। झारखंड में तो राज्य संपोषित भ्रष्टाचार है। मुख्यमंत्री स्वयं राज्य की खनिज संपदा, जमीन को लूटने में शामिल हैं। सोरेन परिवार ने आदिवासियों की जमीन नाम बदलकर लूटी है। इतनी ही नहीं पदाधिकारियों को भी लूटने में लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी थाना, ब्लॉक, अंचल में गरीबों से काम के लिए पैसे मांगते हैं। पैसों को ऊपर तक पहुंचाने की बात करते हैं। हेमंत सरकार अवैध खनन को बढ़ावा दे रही है। साथ ही कहा कि परिवारवाद सामाजिक न्याय के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा में नमाज कक्ष खोलती है। सामान्य विद्यालयों को उर्दू विद्यालय में बदल देने, प्रार्थना की पद्धति बदल देने पर कार्रवाई नहीं करती है। इस प्रकार की मनोवृत्ति रखने वालों से राज्य का बड़ा नुकसान हो रहा है।