22 C
Kolkata
Thursday, April 9, 2026

बाल अनुकूल विधिक सेवाओं को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित

खूंटी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से बुधवार को बाल देखभाल संस्थान सहयोग ग्राम, हूटार में नालसा योजना – बच्चों के लिए बाल अनुकूल विधिक सेवाएं, 2024 विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झालसा की ओर से जारी मासिक गतिविधि कैलेंडर के अनुपालन में और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में संस्थान में रह रहे बच्चों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के सदस्य बिनय श्यामल और विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता अमरदीप भी मौजूद थे।

जागरूकता शिविर के दौरान बच्चों को नालसा योजना के उद्देश्यों और इसकी प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि यह योजना देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चे और विधि से संघर्षरत बच्चों को निःशुल्क, सुलभ और बाल अनुकूल विधिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई है।

कार्यक्रम में बच्चों और अन्य हितधारकों को उनके विधिक अधिकारों और सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध तंत्रों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

Related Articles

नवीनतम लेख