कोडरमा/तिलैया | जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घरेलू विवाद में पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मां की शिकायत पर शुरू हुई जांच
गिरिडीह जिले की रहने वाली सोनू देवी ने तिलैया थाना में मामला दर्ज कराया था कि उनकी पुत्री प्रीति कुमारी की उसके पति पवन सोनार ने हत्या कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया।
सीसीटीवी और तकनीक की मदद से मिला शव
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच तेज की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने तिलैया के गुमो स्थित सतपुलिया के पास झाड़ियों से काले प्लास्टिक में बंधा हुआ शव बरामद किया। परिजनों ने इसकी पहचान प्रीति कुमारी के रूप में की है। पुलिस ने गिरिडीह से उस ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग शव को ठिकाने लगाने में किया गया था।
क्या था हत्या का कारण?
जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। घटना के दिन विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने पति को बेलन से मार दिया। इसी बात से तैश में आकर पति पवन सोनार ने आपा खो दिया और प्रीति की हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को प्लास्टिक में लपेटकर दूर सुनसान जगह पर फेंक दिया।
फिलहाल, एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मुख्य आरोपी पवन सोनार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

