रांची। रांची जिले में सहायक आचार्य की पोस्टिंग को लेकर भारी गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। पोस्टिंग से नाराज़ सहायक आचार्य शिक्षकों ने जिला प्रशासन पर मनमानी तरीके से पदस्थापन करने का आरोप लगाया हैं। शिक्षकों का कहना है कि पोस्टिंग के दौरान तय SOP का पालन नहीं किया गया। इस वजह लगभग 100 से अधिक सहायक आचार्य शिक्षक अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें आसपास के प्रखंडों में पदस्थापन नहीं दिया गया, बल्कि कई शिक्षकों को दूर-दराज के प्रखंडों में भेज दिया गया हैं। शिक्षकों के अनुसार, किसी को बुढ़मू से तमाड़ तो किसी को कांके से लापुंग जैसे क्षेत्रों में पदस्थापित किया गया है, जिससे उन्हें रोज़ाना कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही हैं। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों में बड़ी संख्या में महिला और दिव्यांग शिक्षक भी शामिल हैं। उनका कहना है कि पोस्टिंग में न तो महिला सुरक्षा का ख्याल रखा गया और न ही दूरी को लेकर कोई संवेदनशीलता दिखाई गई।


