साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डकैत’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसे दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म का ट्रेलर यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसमें एक्शन व थ्रिलर का दमदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। इससे पहले फिल्म का गाना ‘टच बडी’ भी रिलीज हुआ था, जिसे पवन सिंह और जोनिता गांधी ने गाया है और इसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
निर्देशक शेनिल देव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनुराग कश्यप और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले इसे 19 मार्च को रिलीज किया जाना था, लेकिन मेकर्स ने बेहतर स्क्रीन स्पेस और दर्शकों का ध्यान पाने के लिए रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला किया। फिल्म को हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में एक साथ शूट किया गया है।
करीब 2 मिनट 23 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत एक रोमांटिक दृश्य से होती है, जिसमें अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर एक खुशहाल भविष्य की योजना बनाते नजर आते हैं। लेकिन कहानी में अचानक ट्विस्ट आता है और अदिवि शेष का किरदार जेल पहुंच जाता है, जिससे दोनों के रिश्ते में दरार आ जाती है। इसके बाद कहानी एक रहस्यमयी और भावनात्मक मोड़ लेती है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

