नई दिल्ली। भूमि घोटाले के आरोपी ऑटोमोबाइल कंपनी नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में झारखंड एसीबी ने गुरुवार तड़के दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की। एसीबी की टीम ने सुबह करीब 4 बजे वसंत विहार स्थित भारत सरकार के एक संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी के आवास पर छापेमारी की। हालांकि स्निग्धा सिंह कुछ देर पहले ही वहां से निकल गईं और एसीबी के हाथ नहीं लगीं। छापेमारी के दौरान मौजूद उनके पुत्र सनत कुमार को एसीबी ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, ACB की तकनीकी सेल कई दिनों से स्निग्धा सिंह की लोकेशन और डिजिटल गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान उनका लोकेशन वसंत विहार के सरकारी आवास में मिला, जिसके बाद एक विशेष टीम दिल्ली भेजकर छापेमारी की गई। हालांकि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उनसे महत्वपूर्ण पूछताछ चल रही है। पूछताछ में सनत सिंह ने अपने पिता विनय सिंह, विनय चौबे और अपनी मां स्निग्धा सिंह की कई चल-अचल संपत्तियों की जानकारी एसीबी को दी है। शुरुआती जानकारी में कुछ नए संपत्तियों का भी खुलासा हुआ है।


