पलामू | पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में बेखौफ अपराधियों ने गुरुवार की रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर थाना क्षेत्र के व्यस्त बस स्टैंड स्थित पालिका बाजार में तीन अज्ञात अपराधियों ने जमीन कारोबारी समीर खलीफा उर्फ गुड्डू (36) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे शहर में सनसनी और दहशत का माहौल है।
फिल्मी अंदाज में आए हमलावर, 6 राउंड फायरिंग से फैलायी दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समीर खलीफा पालिका बाजार के बरामदे में अपने साथियों—इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू और एक अन्य युवक के साथ बैठा था। तभी अचानक तीन हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने समीर को निशाना बनाते हुए बेहद करीब से उसके सिर में गोली दाग दी।
वारदात के बाद भागते समय अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए 5 से 6 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हैरानी की बात यह है कि हमलावरों ने समीर के साथ बैठे उसके दोस्तों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
गंभीर रूप से घायल समीर को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक समीर कांजी हाउस मोहल्ले का निवासी था और जमीन के कारोबार के साथ-साथ बैग के थोक व्यापार से भी जुड़ा था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस
समीर की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मृतक की दो छोटी बच्चियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना पुलिस हरकत में आई और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पालिका बाजार और बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के बाहर निकलने वाले रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश या जमीन विवाद के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
शहर में सुरक्षा पर उठे सवाल
शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक ‘बस स्टैंड’ के पास हुई इस सरेआम हत्या ने पुलिसिया इकबाल पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय कारोबारियों में भी इस घटना के बाद असुरक्षा की भावना है।

