30 C
Kolkata
Friday, April 24, 2026

डंपर-बोलेरो की भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, तीन लोग जिंदा जले, पांच गंभीर

चूरू । राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सादुलपुर-पिलानी रोड पर थिरपाली गांव के पास एक डंपर और बोलेरो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से वाहन सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हमीरवास थाना पुलिस के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग सिद्धमुख क्षेत्र से पिलानी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान थिरपाली टोल प्लाजा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को टक्कर मार दी।

हादसे का मंजर और रेस्क्यू
भीषण आग: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो चंद मिनटों में आग का गोला बन गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका। शवों के बुरी तरह जल जाने के कारण फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे में पांच युवक—पंकज (20), कमल (22), आनंद (20), विकास (24) और आशीष—गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद सादुलपुर-पिलानी रोड पर घंटों लंबा जाम लगा रहा। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

“शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्राथमिक दृष्टि में डंपर की तेज रफ्तार हादसे की वजह लग रही है, मामले की गहन जांच जारी है।” — राय सिंह, थाना अधिकारी (हमीरवास)

Related Articles

नवीनतम लेख