नवादा। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अमावाँ पश्चिमी पंचायत अंतर्गत भावा बिगहा गांव में शुक्रवार को थैले में रखा बम अचानक फटने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि गांव निवासी श्याम सुंदर सिंह के मकान में दो बच्चे साइकिल चलाने के लिए घर में रखी साइकिल निकालने गए थे। इसी दौरान साइकिल के पास एक थैले में बम टंगा हुआ रखा था। साइकिल निकालने के क्रम में थैला झूलकर नीचे गिर गया और अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर दीपक कुमार के पुत्र युवराज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके में युवराज के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में उमा सिंह और सुंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटनास्थल पर चलंत फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


