रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर RPF की सतर्कता ने एक तीन महीने के नवजात शिशु को सुरक्षित बचा लिया। कमांडेंट पवन कुमार के दिशा निर्देश पर RPF पोस्ट रांची में ड्यूटी पर तैनात शिफ्ट अधिकारी एएसआई अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ओवरब्रिज के नीचे एक लावारिस नवजात शिशु को पाया।
घटना की जानकारी तुरंत जीआरपी/रांची को दी गई। महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने शिशु को सुरक्षित रूप से जीआरपी/रांची लाया और उसे सुरक्षित अभिरक्षा में रखा। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने शिशु के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। जांच के दौरान स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात पुरुष को शिशु के साथ जाते हुए देखा गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। रेलवे पुलिस ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की, लेकिन संदिग्ध व्यक्ति का पता नहीं चला।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शिशु को जीआरपी/रांची की उपस्थिति में चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (सीडब्ल्यूसी), रांची को सुरक्षित हैंडओवर कर दिया गया।


