पूर्वी सिंहभूम। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में हुई दिनदहाड़े घर में चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपित सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने चोरी गए सोना-चांदी के आभूषण, नकद राशि, स्कूटी और मोबाइल सहित सभी सामान बरामद कर लिए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता कर बात कि 7 दिसंबर को बाराद्वारी स्थित अमित सोलंकी के घर से अज्ञात अपराधियों ने सोना और चांदी के कीमती जेवरातों की चोरी की थी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने भालूबासा निवासी आलोक मुखी उर्फ सावन मुखी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के कुछ आभूषण उसने अपनी बहन ज्योति मुखी और जीजा धीरज कुमार तांती को खपाने के लिए दिए थे, जबकि कुछ जेवरात उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे। इसके बाद पुलिस ने आदित्यपुर से ज्योति मुखी और उसके पति धीरज कुमार तांती को हिरासत में लिया, जहां दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने बताया कि चोरी का एक सोने का हार गम्हरिया स्थित अनन्या ज्वेलर्स में बेचा गया था, जिसके बदले 70 हजार रुपये नकद मिले थे। पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर ज्वेलर्स में छापा मारा और चोरी का हार बरामद कर लिया। इस मामले में अनन्या ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार प्रसाद को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में सोने का हार, बाला, कंगन, मंगटीका, नथिया, झुमका, टॉप्स, चांदी के कमरछल्ले, बाजूबंद, 42 चांदी के सिक्के, एक हीरो प्लेजर स्कूटी, एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपितों में आलोक मुखी उर्फ सावन मुखी (20), निवासी रेलगेट रोड हरिजन बस्ती भालूबासा, थाना सीतारामडेरा, धीरज कुमार तांती (25), निवासी सालडीह बस्ती जी रोड, आदित्यपुर; ज्योति मुखी (25 वर्ष) और सुनील कुमार प्रसाद, निवासी एनकेएस फील्ड, दुर्गा मैदान के पास, बड़ा गम्हरिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित आलोक मुखी उर्फ सावन मुखी और उसका जीजा धीरज कुमार तांती पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है।


