झारखंड की 150वीं जयंती पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राज्यपाल और सीएम ने बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज की उम्मीद और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि झारखंड आज अपने स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर रहा है, यह विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।
वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी है। कहा है कि आज का दिन हमारे पुरखों के संघर्ष, बलिदान और आत्मसम्मान को नमन करने का अवसर है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और त्याग से जनजातीय समाज में सम्मान, स्वाभिमान और अधिकार की नई चेतना जगाई। अबुआ सरकार बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने के लिए महिलाओं के सम्मान, युवाओं के सशक्तिकरण, बच्चों की शिक्षा और झारखंड की संस्कृति व भाषा के संरक्षण पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने राज्यवासियों से उनके आदर्शों पर चलने की अपील करते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें, जय झारखंड।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी झारखंड राज्य के सभी परिवारजनों को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। कहा है कि नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और अपार खनिज संपदा से भरपूर हमारा प्रिय झारखंड अद्भुत विविधताओं का संगम है।


