32 C
Kolkata
Friday, August 21, 2026

घायल छात्र के पक्ष में राहुल गांधी डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे, एफआईआर दर्ज करने की मांग

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्र आंदोलन के दौरान गंभीर रूप से घायल छात्र साहिल लोचव और उसकी मां के साथ एफआईआर दर्ज कराने शुक्रवार को संसद थाना पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय पहुंचे। बाद में वे अपनी मांग के पक्ष में कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

पुलिस पर बर्बरता का आरोप

राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए एक्स पर लिखा कि वे संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय साहिल लोचव के साथ हुई पुलिस बर्बरता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पैलेट गन से हमला किया। इसमें साहिल जैसे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पैलेट गन लगने से घायल साहिल की एक आंख की रोशनी खतरे में है। साहिल की मां एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें इसकी भी अनुमति नहीं दी गई।

अमित शाह और प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह 19 दिनों तक संसद नहीं आए। देश को यह नहीं बताया गया कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया और युवाओं के साथ इतनी बर्बरता की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, आंसू गैस छोड़ी गई और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। कई युवा गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें लाठियों व डंडों से पीटा गया। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अब तक इस पर एक शब्द नहीं कहा और गृह मंत्री जवाबदेही से बचते रहे हैं।

घायल छात्रों को न्याय दिलाने की बात

राहुल गांधी ने कहा कि साहिल जैसे घायल छात्र अकेले नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी हर पीड़ित युवा के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख