राँची। सेवा, समर्पण और मानवता के संकल्प को साकार करते हुए हरिदेव सेवा संघ ने शनिवार को राँची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) परिसर में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों, दूर-दराज से इलाज कराने आए जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया गया।
संस्था का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे लोगों को यह एहसास दिलाना है कि समाज उनके साथ खड़ा है। भोजन प्राप्त करने वाले लोगों ने हरिदेव सेवा संघ के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
संस्था के संस्थापक-सह-संचालक संजीत कुमार साहू ने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। उन्होंने बताया कि हरिदेव सेवा संघ लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रहा है और भविष्य में भी भोजन वितरण, फल वितरण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनसेवा जारी रखेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सदस्य सोनू यादव, भोला प्रसाद, मुस्कान सिंह, चंदन सोनी, पवन बरनवाल, मदन गुप्ता, बबली देवी, सोनी देवी, रंजीत साहू, कार्तिक कुमार, उज्ज्वल कुमार, जयेश कुमार और संस्कार कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
हरिदेव सेवा संघ ने समाज के सक्षम नागरिकों से भी सेवा कार्यों में आगे आने की अपील की, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे।
