जम्मू। अमरनाथ यात्रा के 20वें जत्थे में शामिल 3,823 श्रद्धालु सोमवार तड़के जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा के बीच बालटाल के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों के अनुसार, जत्था सुबह 2:47 बजे 140 वाहनों के काफिले के साथ रवाना हुआ। इनमें 82 बसें, 20 मध्यम श्रेणी के वाहन और 38 हल्के मोटर वाहन शामिल थे। जत्थे में 2,882 पुरुष, 838 महिलाएं, दो बच्चे, 84 साधु और 17 साध्वियां शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुआ काफिला
श्रद्धालुओं का काफिला जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर आगे बढ़ा। मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर यातायात अधिकारियों ने विशेष व्यवस्था की, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।
अब तक 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालु रवाना
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार के जत्थे के रवाना होने के साथ ही भगवती नगर आधार शिविर से इस वर्ष अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 1,27,326 हो गई है। समुद्र तल से करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच जारी है।
इस बीच सोमवार को बालटाल आधार शिविर से 4,331 श्रद्धालु यात्रा पूरी कर जम्मू लौटे।
