27.1 C
Kolkata
Monday, July 27, 2026

यूपीटी20 लीग ने युवा खिलाड़ियों के लिए खोले नए अवसर : राजीव शुक्ला

लखनऊ। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपीटी20 लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ा मंच बन चुकी है। इस लीग ने राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर दिया है। उन्होंने यूपीसीए स्पीड हंट पहल की भी सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेशभर के तेज गेंदबाजों की पहचान हो रही है।

राजीव शुक्ला ने सोमवार को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के बयान में बताया कि इस बार स्पीड हंट के जरिए 134 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से लगातार गेंदबाजी करने वाले 38 तेज गेंदबाज यूपीटी20 लीग की नीलामी तक पहुंचे। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी अपने अनकैप्ड खिलाड़ियों में कम से कम एक खिलाड़ी स्पीड हंट से शामिल करे।

18 खिलाड़ियों को मिला आईपीएल में मौका

उन्होंने कहा कि यूपीटी20 लीग के पिछले तीन सत्रों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 18 खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लिया, जिनमें कई खिलाड़ियों को यूपीटी20 लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद पहचान मिली। उन्होंने बताया कि आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्काउट्स लगातार इस लीग पर नजर रखते हैं, जिससे यह युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत मंच बन गई है।

14 अगस्त से शुरू होगा चौथा सत्र

यूपीटी20 लीग का चौथा सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबला काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला जाएगा। शुरुआती मुकाबले और उद्घाटन समारोह लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। इसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्थानांतरित होगा, जहां शेष लीग मैचों के साथ प्लेऑफ और फाइनल खेले जाएंगे।

34 मुकाबलों के साथ होगा रोमांचक टूर्नामेंट

24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच शामिल हैं। क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर, क्वालिफायर-2 चार सितंबर तथा फाइनल और समापन समारोह 6 सितंबर को कानपुर में आयोजित होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख