रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी की बैठक शनिवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठक में उद्योगों और व्यवसायों की वर्तमान एवं भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कौशल विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण पर बनी सहमति
बैठक में विभिन्न संस्थानों के साथ हुए एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई और उन्हें और अधिक सक्रिय बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही एफजेसीसीआई के सदस्यों, उद्यमियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक, उद्योग आधारित एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी।
समिति ने निर्णय लिया कि भविष्य में बिक्री, विपणन, डिजिटल विपणन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल सहित अन्य रोजगारपरक विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण और उद्योग-अकादमिक सहयोग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अगस्त में होंगे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
एफजेसीसीआई की ओर से आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की घोषणा भी की गई है। 3 अगस्त 2026 को “एआई इन बिजनेस” विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा। इसमें बीआईटी मेसरा के प्रोफेसर डॉ. सत्यजीत महतो कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावसायिक उपयोग, उत्पादकता बढ़ाने, निर्णय प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन देंगे।
वहीं 11 अगस्त 2026 को “डिजिटल मार्केटिंग” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका संचालन अमित मोदी, डिजी क्रो द्वारा किया जाएगा। इसमें डिजिटल ब्रांडिंग, सोशल मीडिया विपणन, ऑनलाइन ग्राहक पहुंच और आधुनिक विपणन रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी।
समिति ने विश्वास जताया कि इन पहलों से झारखंड के उद्योगों और व्यापार जगत को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य में कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बंगार, संयुक्त सचिव रोहित पोद्दार, स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी के चेयरमैन प्रियांक एवं आलोक सिंह तथा सदस्य अतुल अग्रवाल उपस्थित रहे।
