नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के दो मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली और पंजाब से छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मॉड्यूल आतंकी गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी से संबंधित है।
हथियार और पेट्रोल बम बरामद
स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज (एनडीआर) ने संयुक्त अभियान के दौरान आरोपितों के कब्जे से कई पिस्टल और पेट्रोल बम बरामद किए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था तथा इस नेटवर्क के संबंध किन राज्यों और संगठनों से जुड़े हैं।
नेटवर्क की फंडिंग और सप्लाई चेन की जांच
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। उनकी निशानदेही पर नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन, फंडिंग के स्रोत और पूरे नेटवर्क की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
