नई दिल्ली। संसद भवन में मंगलवार को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए आयोजित 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रों को सम्मानित करेंगे।
कश्मीर विश्वविद्यालय को मिलेगा सर्वोच्च सम्मान
संसदीय कार्य मंत्रालय के अनुसार, प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कश्मीर विश्वविद्यालय को ‘अटल बिहारी वाजपेयी रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड’ प्रदान की जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्र अपनी विजेता युवा संसद का पुनः प्रदर्शन भी करेंगे।
सात संस्थानों को भी मिलेगा सम्मान
समूह स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सात विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को भी विजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इनमें डीएवी कॉलेज, जालंधर, जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता, शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (बठिंडा), एसएसएमआरवी कॉलेज, बेंगलुरु, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, पटना तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र शामिल हैं।
युवा संसद का उद्देश्य
युवा संसद योजना का उद्देश्य युवाओं में आत्म-अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली की समझ, तार्किक वाद-विवाद, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावी वक्तृत्व कौशल का विकास करना है। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को संसदीय लोकतंत्र की कार्यशैली से व्यावहारिक रूप से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
