34.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

भारत-इंग्लैंड पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ा, अभिषेक और श्रेयस के अर्धशतक बेकार

चेस्टर-ले-स्ट्रीट। भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 189 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, लेकिन लगातार बारिश के चलते इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी।

अभिषेक और श्रेयस ने खेली शानदार पारियां

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन (1) और ईशान किशन (0) शुरुआती ओवरों में ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और महज 24 गेंदों में 59 रन की विस्फोटक पारी खेली।

अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इंग्लैंड के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभालते हुए 47 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली। यह कप्तान के रूप में उनका पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक रहा। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर भारत का स्कोर 189 रन तक पहुंचाया।

बारिश बनी मुकाबले की सबसे बड़ी बाधा

इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट लेकर भारतीय टीम को 200 रन के आंकड़े तक पहुंचने से रोक दिया।

भारतीय पारी के दौरान बीच-बीच में हल्की बारिश हुई, लेकिन खेल जारी रहा। हालांकि पारी समाप्त होने के बाद बारिश तेज हो गई और लगातार जारी रहने के कारण इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू नहीं हो सकी। निर्धारित समय तक मौसम में सुधार नहीं होने पर अंपायरों ने मुकाबले को बेनतीजा घोषित कर दिया।

संक्षिप्त स्कोर

भारत: 189/7 (20 ओवर)
अभिषेक शर्मा 59, श्रेयस अय्यर 68, शिवम दुबे 42*
साकिब महमूद 3/33

परिणाम: बारिश के कारण मैच बेनतीजा।

Related Articles

नवीनतम लेख