38.2 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

झामुमो नेता सुशील पाहन का निधन, खूंटी और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर

खूंटी । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता, खूंटी के जिला सचिव तथा खूंटी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुशील पाहन का गुरुवार की देर रात आकस्मिक निधन हो गया। वे ‘भारत मुंडा समाज झारखंड’ के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। उनके इस असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

नौकरी छोड़ समाज सेवा में समर्पित किया था जीवन

सुशील पाहन लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। समाज सेवा के प्रति अपने गहरे समर्पण के कारण ही उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली थी और खुद को पूरी तरह जनसेवा में झोंक दिया था। वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में उन्होंने झामुमो के टिकट पर खूंटी विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन गुरुवार रात अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली।

पैतृक गांव में उमड़ी भीड़, आज होगा अंतिम संस्कार

उनके निधन की खबर फैलते ही शुक्रवार सुबह से ही कर्रा प्रखंड की डूमरगड़ी पंचायत स्थित उनके पैतृक गांव डुफू में झामुमो कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी। परिजनों और समाज के प्रबुद्ध लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिवंगत सुशील पाहन का अंतिम संस्कार आज शुक्रवार (26 जून) को दोपहर 12:00 बजे उनके पैतृक गांव डुफू में ही किया जाएगा।

विधायकों और झामुमो नेताओं ने जताया गहरा शोक

सुशील पाहन के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा, झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, जिला सह सचिव प्रदीप केशरी, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी और मोजिर अंसारी सहित कई दिग्गज नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना प्रकट की है।

  • विधायक सुदीप गुड़िया ने शोक जताते हुए कहा कि सुशील पाहन एक सरल, मिलनसार और संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे। पार्टी और समाज के प्रति उनका यह निस्वार्थ समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

  • विधायक राम सूर्या मुंडा ने भी उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जाना पार्टी और मुंडा समाज दोनों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Related Articles

नवीनतम लेख