रामगढ़ । रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर बारलोंग के समीप गुरुवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-23 को पूरी तरह जाम कर दिया है।
ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक ने मारी टक्कर
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, बलसगरा के दो लोग और मरांगमरचा गांव के बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य एक कार्यक्रम खत्म करने के बाद सवारी वाहन से वापस बलसगरा लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में जाकर ओवरटेक करने के प्रयास में सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी आठ लोग लहूलुहान होकर अंदर ही फंस गए।
सात को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, एक रिम्स रेफर
हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और रजरप्पा थाना सहित आसपास के थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को फौरन रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए गए आठ लोगों में से सात को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में दो बलसगरा और छह मरांगमरचा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनकी औपचारिक शिनाख्त की जा रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन, एनएच-23 पर लगा लंबा जाम
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और मृतकों के परिजन भारी संख्या में सड़क पर उतर आए। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने एनएच-23 को जाम कर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की मांग है कि इस ब्लैक स्पॉट पर सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, डिवाइडर निर्माण, सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ दुर्घटना रोकने के स्थायी उपाय किए जाएं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
भारी पुलिस बल तैनात, ट्रक चालक की तलाश जारी
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन, हेडक्वार्टर डीएसपी अकरम रज्जा सहित रजरप्पा, रामगढ़, गोला और चितरपुर थानों की पुलिस बल मौके पर मुस्तैद है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाने और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। एसडीपीओ ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार ट्रक चालक व वाहन की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
