29.4 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

भवन नियमितीकरण योजना की अवधि बढ़ाने की मांग, झारखंड चैंबर ने उठाए व्यापारियों से जुड़े कई मुद्दे

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की दसवीं बैठक गुरुवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भवन नियमितीकरण योजना की अवधि कम से कम छह माह बढ़ाने तथा इसके प्रावधानों को अधिक सरल और व्यवहारिक बनाने की मांग राज्य सरकार से की गई।

भवन नियमितीकरण और औद्योगिक क्षेत्रों के मुद्दों पर चर्चा

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के दौरे के दौरान उद्यमियों से मिले सुझावों के आधार पर जियाडा समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल कर रहा है। उन्होंने उद्यमियों से जियाडा के नए रेगुलेशन के लिए सुझाव देने की भी अपील की।

उन्होंने बताया कि झारखंड चैंबर 13 से 19 जुलाई तक चीन के अंतरराष्ट्रीय बिजनेस टूर का आयोजन कर रहा है। इस दौरान शंघाई चैंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न चीनी कंपनियों के साथ बी-टू-बी बैठकों का आयोजन होगा, जिससे व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के सहयोग से जल्द ही राज्यस्तरीय जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा।

डिस्पोजेबल कारोबारियों और बाजार टांड़ दुकानदारों की समस्याएं उठीं

बैठक में डिस्पोजेबल व्यवसायियों ने गारबेज बैग (डस्टबिन लाइनर) को सिंगल यूज प्लास्टिक मानते हुए रांची नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई पर नाराजगी जताई। चैंबर अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि इस विषय पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जल्द आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।

बाजार टांड़ के दुकानदारों को नगर निगम द्वारा पुनः नोटिस जारी किए जाने के मामले पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में महापौर से वार्ता करने का निर्णय लिया गया।

होल्डिंग टैक्स वृद्धि पर चिंता

संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा समेत अन्य जिलों में हर वर्ष 10 प्रतिशत की दर से बढ़ रहे होल्डिंग टैक्स पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

रिकॉर्ड 188 बैठकें, एआई कार्यशाला जल्द

उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक उप समितियों की 188 बैठकें हो चुकी हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।

सह सचिव रोहित पोद्दार ने व्यापारियों की मांग पर जल्द ही कृत्रिम मेधा (एआई) विषय पर कार्यशाला आयोजित करने की घोषणा की।

मापतौल विभाग और औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल

बैठक में मापतौल विभाग में निरीक्षकों की कमी से व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई। चैंबर अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर विभागीय मंत्री और सचिव से शीघ्र वार्ता करने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा झारखंड के औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए झारखंड इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के गठन का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में चैंबर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, उप समिति चेयरमैनों और विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Related Articles

नवीनतम लेख