33.2 C
Kolkata
Thursday, June 25, 2026

कुवैत में राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर का गठन, डूंगरपुर के डायालाल कुम्हार बने पहले अध्यक्ष

डूंगरपुर। विश्वभर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुवैत में ‘राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर’ का गठन किया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कुवैत में प्रतिष्ठित प्रवासी समाजसेवी डायालाल कुम्हार (प्रजापति) को नवगठित चैप्टर का पहला अध्यक्ष मनोनीत किया है।

प्रवासी राजस्थानियों में खुशी की लहर

डूंगरपुर। मूल रूप से डूंगरपुर जिले की गलियाकोट तहसील के गरियाता निवासी डायालाल कुम्हार लंबे समय से कुवैत में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कुवैत सहित दुनिया भर में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों में खुशी और गौरव का माहौल है।

राजस्थान से जुड़ाव होगा मजबूत

राजस्थान फाउंडेशन का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर रह रहे अनिवासी राजस्थानियों और राज्य सरकार के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करना है। कुवैत चैप्टर के गठन से खाड़ी देश में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, निवेश अवसरों, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों से सीधे तौर पर जोड़ा जा सकेगा।

इसके अलावा यह मंच प्रवासियों को राजस्थान में उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास परियोजनाओं में भागीदारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी उपलब्ध कराएगा।

निवेश और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस अवसर पर ‘राजस्थान दर्पण एसोसिएशन’ कुवैत के महासचिव सतीश पंचाल ने कहा कि डायालाल कुम्हार का अनुभव और नेतृत्व क्षमता कुवैत के प्रवासी राजस्थानी समाज को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह चैप्टर राजस्थान सरकार, निवेशकों, उद्यमियों और युवा पेशेवरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य में व्यापार, निवेश, पर्यटन और परोपकारी गतिविधियों को नई गति देगा।

Related Articles

नवीनतम लेख