औरैया । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमावता-सिकरोड़ी मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां सरदार के ट्यूबवेल के पास मंगलवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक और मोपेड की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया गया।
भंडारे और भागवत कथा का निमंत्रण खाकर लौट रहे थे लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबरपुर की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आजाद नगर गढ़ा से भंडारे का निमंत्रण खाकर अपने घर वापस लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर, अमावता गांव से मोपेड पर सवार दो अन्य लोग आजाद नगर गढ़ा में ही आयोजित भागवत कथा के निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।
सभी घायल एक ही ग्राम पंचायत के निवासी
हादसे का शिकार हुए सभी लोग ग्राम पंचायत अमावता के ही रहने वाले हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
आकाश बाथम (20), पिता- गोविंद बाथम
-
रवि उर्फ पूती सेंगर (36), पिता- सुरेंद्र सेंगर
-
अंकित दुबे (22), पिता- राम प्रकाश दुबे
-
दीपक बाथम (28), पिता- राम प्रकाश बाथम
प्राथमिक उपचार के बाद घर लौटे घायल
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया था। परिजनों के मुताबिक, प्राथमिक उपचार और जरूरी जांच के बाद सभी घायल अब अपने घर लौट आए हैं। घायलों में आकाश बाथम और पूती सेंगर का एहतियातन सीटी स्कैन कराया गया है, जिसमें कोई गंभीर आंतरिक चोट नहीं पाई गई है, हालांकि दोनों के सिर में टांके आए हैं। इसके अलावा अंकित दुबे के दाहिने हाथ में टांके लगे हैं और दीपक बाथम के पैर में चोट आई है।
